धीनाः बरहनी ब्लाक परिसर में रविवार को बीडीओ राजेश नायक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया।इसमें मौके पर कुल 51 पंजीकृत शादी में 49 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न हुआ।ब्लाक परिसर में विद्वान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच 14 मंडपो में नवविवाहित जोड़ो ने एक दूसरे के साथ रहने की कसमें खाई।
सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, विकास खंड अधिकारी राजेश कुमार नायक सहित अन्य ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर मंगल भविष्य की कामना किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सैयदराजा विधायक ने नव दंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन स्तर से गरीब असहाय वर्ग की कन्या के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन बहुत ही सराहनीय व पुनीत कार्य है। 51 हजार रुपया प्रति जोडा शासन - स्तर से खर्च किया जाता है।गरीबों के उत्थान के लिए सरकार कटिबद्ध है।बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने शासन की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से गरीबों को काफी लाभ मिल रहा है।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार नायक,राजकुमार चौधरी, नागेन्द्र मोर्या ,रविन्द्र त्रिपाठी उर्फ बड़े बाबा,आशीष सिंह, मृत्युंजय सिंह दीपु, इंदल सिंह बाबा,अजीत सिंह, पवन सिंह, नवनीत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।





