मथुराः गुरुवार की सुबह यमद्वितीया पर्व पर बहनों ने अपने अपने भाइयों संग यमुना में एक साथ डुबकी लगाकर अपने भाइयों को यम की फांस से मुक्ति कर प्रार्थना की. इस पर्व के अवसर पर सुबह से ही मथुरा, गोकुल और वृंदावन के कई घाटों पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही.
बता दे कि बीती शाम से ही यमुना के घाटों पर बहन -भाइयों को एक साथ डुबकी लगाते हुए देखा गया था. गुरुवार को सुबह से ही यमुना घाटों पर स्नान करने वालों की भीड़ देखी गई. मथुरा में विश्राम घाट, बंगाली घाट, यमुना पार आदि घाटों के अलावा वृंदावन में केशीघाट, और ब्रह्मांड घाट आदि पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी.
इस दौरान भाई बहनों का भाव देखने योग्य था. बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु की प्रार्थना कर रही थीं. तो भाई भी उनको सदा सुखी रहने का आशीर्वाद प्रदान कर रहे थे.
यहां कई प्रकार की सुविधाएं की गई थी जैसे महिला चेंजिंग रूम, शौचालय आदि इन सब की व्यवस्था तो नगर निगम की ओर से की ही गई थी. साथ यमुना में बैरिकेडिंग भी की गई थी. पुलिस की ओर से यमुना में स्टीमर चलाए गए थे, जिन पर पुलिसकर्मी गोताखोरों के साथ तैनात रहे. सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली.