वाराणसीः बदमाशों के हौसले दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं, कम होने का तो जैसे नाम ही नहीं ले रहे। आए दिन जनमानस पर हमले हो रहे हैं। हालांकि पुलिस इन पर लगाम लगाने का भरपूर प्रयास कर रही है, बावजूद इसके अपराधों में कमी नजर नहीं आ रही है।
सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर गांव में बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार को तड़के सुबह एक आदमी को गोली मार दी। जिसके बाद तिलमापुर गांव में अफरा -तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। घायल व्यक्ति को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद से तिलमापुर गांव में दहशत फैली हुई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मुकीमगंज के रहने वाले राजकुमार यादव किसी काम से सारनाथ के तिलमापुर गांव अपनी स्कूटी से गए हुए थे। इसी दौरान बाइक से आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस वालों ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
वही गोली चलने की सूचना पर डीसीपी वरुण अमित कुमार व एसीपी सारनाथ़ राजकुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने का प्रयास कर रही है।