Shaurya News India
इस खबर को शेयर करें:


रामनगर / वाराणसीः रामनगर के नए जोनल अधिकारी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा है कि रामनगर की जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता है। हर वार्ड में भ्रमण कर समस्याओं की जमीनी हकीकत देखने के बाद सम्बधित अधिकारियों कर्मचारियों के साथ समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वे शुक्रवार को यहाँ कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से औपचारिक बात कर रहे थे। बता दें कि रामनगर जोन के पहले जोनल अधिकारी इंद्र विजय यादव का तबादला होने के बाद राजेश अग्रवाल को आदमपुर और रामनगर जोन का संयुक्त कार्यभार सौंपा गया है।

इसी क्रम में वे शुक्रवार को यहाँ पहुँचे और स्वागत की औपचारिकताओं के बाद जनसमस्याओं से रूबरू हुए। पार्षद प्रतिनधि मनोज यादव ने बताया कि पूरे नगर में 65 ऐसी गलियां है जिनकी मरम्मत कराई जानी है। इसके अलावा रामनगर के विभिन्न घाटों पर लगे हाई मास्ट लंबे अर्से से खराब पड़े हैं। जबकि दो माह बाद ही रामनगर की रामलीला का शुभारंभ होने वाला है।

पार्षद लल्लन सोनकर ने बताया कि उनके वार्ड के जल निकासी की गंभीर समस्या है। बरसात के चलते स्थिति नारकीय बन गई है। जोनल अधिकारी ने आश्वस्त किया कि एक दो दिन में पार्षदों और जे ई के साथ भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया जाएगा। उसके बाद इस्टीमेट बनवा कर जल्द से जल्द काम शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि रामलीला आरंभ होने के पूर्व स्थिति बेहतर दिखेगी।

रिपोर्ट- संजय यादव

इस खबर को शेयर करें: