Shaurya News India
इस खबर को शेयर करें:

बड़ौत 19 फरवरी 2025: बुधवार को जनता वैदिक कॉलेज, बड़ौत में नेहरू युवा केंद्र (माय भारत) बागपत के तत्वावधान में भारत सरकार के डिजिटल कृषि मिशन के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में किसानों के डिजिटलीकरण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को स्वयंसेवी के रूप में अपने गांव-कस्बे में 'फॉर्मर रजिस्ट्री' अभियान संचालित करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 'फॉर्मर सहायक यूपी' एप के माध्यम से युवा स्वयं को सहायक के रूप में पंजीकृत कर सकते हैं और अपने आसपास के किसानों की 'फॉर्मर रजिस्ट्री' का कार्य कर सकते हैं।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों के विवरण को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ना है, जिससे उन्हें विभिन्न कृषक केंद्रित योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। जनता वैदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "डिजिटल इंडिया के इस युग में तकनीकी का सही उपयोग बेहद जरूरी है।

डिजिटल कृषि मिशन के तहत किसानों को तकनीकी माध्यम से सशक्त करने की पहल की गई है, जिसमें युवाओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।"

माय भारत पोर्टल से जुड़ने का आह्वान
नेहरू युवा केंद्र (माय भारत) बागपत के उप निदेशक अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि 'फॉर्मर रजिस्ट्री' किसानों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए

'माय भारत' पोर्टल पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 15 दिनों तक युवा स्वयंसेवक अपने गांव और कस्बों में किसानों की जानकारी 'फॉर्मर सहायक यूपी' एप पर दर्ज करेंगे जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक युवाओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम में आवेदन करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान 'माय भारत' पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही युवाओं का पंजीकरण भी कराया गया। तकनीकी विशेषज्ञ अमन कुमार ने 'माय भारत' पोर्टल पर पंजीकरण की लाइव डेमो प्रस्तुत की, जिससे उपस्थित युवाओं को प्रक्रिया समझने में आसानी हुई। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. अनुपम तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि आयोजन में संयम सिंह, अभिषेक सहित अन्य लोगों का भी योगदान रहा।

यह संगोष्ठी डिजिटल कृषि मिशन के प्रति युवाओं और किसानों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम साबित हुई। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने डिजिटल कृषि मिशन को सफल बनाने और किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए अपने-अपने गांवों में जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

 

रिपोर्ट अमन 


इस खबर को शेयर करें: