सकलडीहा- कोतवाली क्षेत्र के ओरवा गांव में शनिवार की रात 23 वर्षीय विवाहिता फांसी के फंदे से झूल गई। छह माह पहले ही महिला की शादी हुई थी। पुलिस के अनुसार घरेलू कलह के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मायके वालों की तहरीर के आधार पर पति बब्बू, श्वसुर श्रीराम और सास रामरती देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
माधोपुर डबरिया निवासी बबीता की शादी छह माह पूर्व ओरवा गांव के हरिजन बस्ती निवासी श्रीराम कुमार के पुत्र बब्बू से हुई थी। ससुराल में दो महीना रहने के बाद सास से आए दिन होने वाले विवाद के चलते बबीता अपने मायके चली गई। कुछ दिन पहले ही वापस आई थी। पुलिस के अनुसार शनिवार को खाना बनाने को लेकर उसका सास से फिर विवाद हुआ इसके चलते शनिवार की रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर लटक गई।
सुबह परिजनों ने देखा तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई और मां की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सकलडीहा कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगी।
कार्तिकेय पाण्डेय रिपोर्ट