पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को भाजपा की केरल इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। चंद्रशेखर पिछला लोकसभा चुनाव तिरुअनंतपुरम से लड़े थे, लेकिन कांग्रेस के शशि थरूर से हार गए थे।
केरल में अभी भाजपा के एकमात्र सांसद केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी हैं। सोमवार को चंद्रशेखर ने पदभार संभाल लिया। भाजपा के संगठन चुनाव के दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक प्राद जोशी ने सोमवार को भाजपा की राज्य परिषद की बैठक में यह घोषणा की। चंद्रशेखर शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे और उन्होंने रविवार को भाजपा मुख्यालय में इस पद के लिए दो नामांकन पत्र दाखिल किए। इस घोषणा के समय निवर्तमान अध्यक्ष के सुरेंद्रन और प्रदेश इकाई के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर सहित राज्य में भाजपा के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे। चंद्रशेखर को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने राज्य में लंबे समय बाद नए नेतृत्व को उभारा है। सूत्रों के अनुसार चंद्रशेखर विधानसभा चुनाव के पहले राज्य के सामाजिक समीकरणों पर सबसे ज्यादा ध्यान देंगे।

