
भारतीय जनता पार्टी उपचुनाव के साथ ही संगठनात्मक चुनाव की राह पर भी आगे बढ़ेगी। अगले तीन महीने में प्रदेश में भाजपा के बूथ से लेकर प्रदेश तक संगठन में बदलाव दिखेगा। इसके लिए 25 अक्तूबर तक सभी जिला चुनाव अधिकारियों की घोषणा की जाएगी।
साथ ही मंडल संगठन पर्व सहयोगी भी घोषित होंगे। 27 अक्तूबर तक संगठनात्मक चुनाव को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी। फिर 5 नवंबर तक जिला स्तरीय कार्यशालाएं होंगी। उसके बाद संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया गति पकड़ेगी। यह तमाम बातें सोमवार को नई दिल्ली में सदस्यता व संगठन चुनाव को लेकर हुई भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में तय हुईं।
इस बैठक में सर्वाधिक सदस्यता के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा यूपी की सराहना भी की गई। प्रदेश में पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके डा. महेंद्रनाथ पांडेय के नेतृत्व में सात सदस्यीय चुनाव समिति घोषित होने के बाद अब यूपी में पार्टी की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया गति पकड़ेगी।