गोंडाः प्रिंसिपल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी भांजी की शादी में शामिल होने आए थे। जयमाल के बाद घर के बरामदे में सो रहे थे, तभी 2 लोग आए और उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां अफरा-तफरी मच गई।
इसी बीच लोगों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। जबकि दूसरा भाग गया। परिजन आनन-फानन में प्रिंसिपल दिनेश यादव को इलाज के लिए बस्ती के निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार रात करीब 1 बजे की छपिया थाना के सिसहानी गांव की है।
ये गांव गोंडा जिले में है। मगर यहां से बस्ती शहर पास में है। फिलहाल, छपिया पुलिस ने घरवालों की तहरीर पर 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।