बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली स्पाइसेट की फ्लाइट एस 385 बुधवार को 15 घंटे देर से रवाना हुई। आक्रोशित पैसेंजर्स ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खूब हंगामा किया। एयरलाइन स्टाफ और पैसेंजर्स के बीच नोकझोंक भी हुई।
पैसेंजर्स ने बताया कि सुबह 6 बजे की फ्लाइट 7:40 में मुंबई पहुंचने वाली थी। हालांकि, बेंगलुरु से ही फ्लाइट का टेकऑफ रात 9:10 बजे हुआ। जबकि एयरलाइन ने सुबह 5:40 बजे का अर्ली टेकऑफ बोलकर सबको जल्दी बुलाया था।
टेक्निकल खराबी का हवाला देते रहे क्रू मेंबर्स
पैसेंजर्स के मुताबिक, सुबह छह बजे बोर्डिंग के बाद फ्लाइट करीब दो तक घंटे तक रनवे पर खड़ी रही। सुबह 8 बजे क्रू ने बिना कारण बताए सभी पैसेंजर्स को उतार दिया। ग्राउंड क्रू ने कहा कि फ्लाइट दोपहर में 12:30 बजे रवाना होगी।
फिर फ्लाइट को 3:30 बजे शेड्यूल किया गया। इसके बाद पैसेंजर्स हंगामा करने लगे। यात्रियों ने जब एयरलाइन से लेट होने का कारण पूछा तो वे टेक्निकल खराबी का हवाला देते रहे। कई पैसेंजर्स ने एयरलाइन की खराब व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की।
रिपोर्ट- धनेश्वर साहनी