
प्रदेश का स्थापना दिवस है। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को बधाई दी है। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह 24 से 26 जनवरी तक अवध शिल्प ग्राम में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर यूपी गौरव सम्मान से नवाजे जाने वाले छह लोगों को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11-11 लाख रुपये और शील्ड देकर सम्मानित करेंगे।
लोक भवन में प्रेसवार्ता के दौरान पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर 75 जिलों के ओडीओपी उत्पाद, छह अंचलों के खान-पान, कला व संस्कृति का भी प्रदर्शन किया जायेगा। ''विकास व विरासत: प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश'' थीम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान दोनों दिखेंगे।
सभी विभागों द्वारा इस थीम पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता, रोड शो आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस-मतदाता जागरूकता दिवस व 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से जुड़े आयोजन होंगे। लखनऊ के साथ ही नोएडा शिल्प ग्राम, महाकुंभ में विभाग के पंडाल और प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी आयोजन किए जाएंगे।
इन्हें मिलेगा सम्मान
वाराणसी के कृष्णकांत शुक्ल (भौतिक विज्ञान, संगीतकार, कवि), वृंदावन मथुरा के (उद्यमी-पर्यावरणविद) हिमांशु गुप्ता, कानपुर के मनीष वर्मा (कृषि-दलित उद्यमी), बुलंदशहर की कृष्णा यादव (महिला उद्यमी), बुलंदशहर के ही कर्नल सुभाष देशवाल (कृषि-उद्यम) व बहराइच के डॉ. जय सिंह (केला उत्पादन) को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान दिया जाएगा।