Shaurya News India
इस खबर को शेयर करें:

आगरा। विश्व संवाद केंद्र बृज प्रांत ने नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें विश्व के प्रथम पत्रकार नारद जी की महिमा प्रतिपादित की गई। नारद जैसा पत्रकार बनने की प्रेरणा दी गई। कहा गया कि सही चीज को सही जगह और सही समय पर प्रकट करने की ताकत पत्रकारों में है। समाज में स्थिरता पत्रकार ला सकता है। ग्वाल पैलेस आवास विकास कॉलोनी में हुए समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। 
समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और अखिल भारतीय गौ सेवा संयोजक अजीत महापात्र ने कहा कि नारद जी का जन्म ज्येष्ठ मास कृष्णपक्ष की द्वितीया को हुआ था। अनेक उदाहरण देते हुए नारद मुनि के गुणों का बखान किया। फिर ऐसे गुणों से ओतप्रोत पत्रकारों को प्रणाम किया। सही चीज को जन-जन तक पहुँचाना और उसकी व्याख्या पत्रकार करते हैं।
श्री महापात्र ने बताया कि स्कंध पुराण में भगवान श्रीकृष्ण ने नारद जी का वर्णन 22 श्लोकों में किया है। जगत में एकमात्र नारद जी हैं जिनका परिचय स्वयं भगवान ने दिया है। राक्षस कुल में जन्मे भक्त प्रह्लाद को सकारात्मक बनाने का काम नारद जी ने ही किया था। महर्षि वाल्मीक भी नारद जी के शिष्य थे। अहंकार शून्य, दिव्य ज्ञान से परिपूर्ण, तीनों लोकों में उपस्थित रहकर ईश्वरीय कार्य को कर लेना, समाज के मन-हृदय तक कोई पहचान सकता है तो वह पत्रकार है।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता विवेक जैन ने की। मंच पर वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और वेलनेस कोच डॉ. भानु प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस मौके पर डॉ. भानु प्रताप सिंह की पुस्तक अयोध्याः 6 दिसंबर, 1992 से 22 जनवरी, 2025 तक का लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक में डॉ. भानु प्रताप सिंह ने छह दिसंबर, 1992 को अमर उजाला के रिपोर्टर के रूप में जो कुछ देखा है, उसका वर्णन रोमांचक और रोचक शैली में किया है।
इनका हुआ सम्मान
वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र वार्ष्णेय, राजीव सक्सेना, आदर्श नंदन गुप्त, राजीव दीक्षित, शरद चौहान (पार्षद), राजीव चतुर्वेदी, अजहर उमरी का विशेष सम्मान किया गया। सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न, शॉल और पौधा भेंट किया गया। इनके अलावा बृज संवाद पत्रकार के संपादक विजय गोयल, राजेश मिश्रा, वीरेंद्र चौधरी, एसपी सिंह, आरती यादव, हरीकांत शर्मा, डॉ. सुमित पांडे, शुभदा, राजू, आदि का सम्मान मनमोहन निरंकारी, केशवदेव शर्मा,  दिलीप गोयल, रजत सिंघल, अभिषेक फौजदार  आदि ने किया।
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने कहा कि नारद जी का संबंध बृज मंडल से भी है। आगरा के जखोदा गांव में नारद जी का मंदिर है। नारखी गांव में नारद जी स्वप्न के आधार पर शिमला मिर्च की खेती होती है। गोवर्धन में नारद कुंड है। नारद पुराण को अध्ययन किए बिना नारद जी को समझा नहीं जा सकता है। उन्होंने यह भी कि नारद रूपी पत्रकार तो आज भी हैं लेकिन उन्हें संरक्षण देने वाले ब्रह्मा, विष्णु, शंकर जैसे मालिक बदल गए हैं।
ब्रज प्रांत के सह प्रचार प्रमुख मन मोहन निरंकारी ने बताया विश्व संवाद केंद्र प्रत्येक वर्ष नारद जयंती का आयोजन करता हे और पत्रकारों का सम्मान करता हे।
कार्यक्रम का संचालन पश्चिम महानगर के प्रचार प्रमुख विनीत शर्मा ने किया।  प्रांत के गौ सेवा संयोजक मनोज, सौरभ शर्मा, गोविंद चौधरी, आशीष मिश्रा, राजेश त्यागीआनंद शर्मा राजेश त्यागी उमा दत्त आदि लोगों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। बबिता पाठक ने कल्याण मंत्र कराया।

इस खबर को शेयर करें: