
वाराणसी- चार साल से बंद पड़ी रोडवेज की उच्च सुविधाओं वाली एसी बसें अब फिर संचालित होंगी। परिवहन निगम (वाराणसी परिक्षेत्र) को 10 बसें आवंटित की गई हैं।
इनमें वॉल्वो, स्कैनिया और स्लीपर बसें शामिल हैं। इन बसों को नई दिल्ली, आगरा, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या के लिए चलाने पर विचार चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि नवंबर के पहले सप्ताह से यह चलने लगेंगी।
दरअसल, पहले रोडवेज से अनुबंध के आधार पर वॉल्वो और स्कैनिया बसें चलती थीं। कम स्टॉपेज, आरामदायक सीटें समेत अन्य बेहतर सुविधाएं होने से इन वातानुकूलित बसों की खासा मांग थी।
वर्ष 2020 में कोविड-19 का प्रकोप शुरू होने के बाद इनका संचालन बंद हो गया। इसके बाद ये बसें नहीं चलीं।
हालांकि इस समय बेहतर सुविधायुक्त पवनहंस, शताब्दी, पिंक सेवा और जनरथ बसों का संचालन हो रहा है। अब शासन ने वॉल्वो बसों को फिर से चलाने का फैसला किया है।
इस बार ये बसें परिवहन निगम की खुद की होंगी। इनका रीजनवार आवंटन कर दिया गया है। वाराणसी परिक्षेत्र को 10 बसें मिली हैं। इनमें खास स्लीपर बसें होंगी।